91-8894689279 info@mysirmaur.com

नौ-लखा बाग

सिरमौर का इतिहास...!  रहस्यों और रोमांच से भरा पड़ा है। शिवालिक पहाडि़यों की गोद में बसा नाहन शहर। अपने आप में अतीत के कई रहस्यों को समेटे हुए है। 
नाहन क्षेत्र ‘आम’ के लिए मशहूर है। वर्तमान में शहर के आसपास के इलाके में आम के हजारों वृक्ष खड़े है। 
इन आम के बागीचों और आम का रहस्य। शायद ही कोई जानता होगा। 
       नाहन शहर संत-महात्माओं की तपोस्थली रही है। नाहन स्थित कालिस्थान मंदिर में तपस्या करने वाले एक महान तपस्वी ने नाहन के आसपास नौ लाख आम के वृक्षों की उत्पति। अपने कमंडल के जल छिड़काव से कर दी थी, ऐसी यहां मान्यता है। 
         यहां प्रचलित पुरानी लोकगाथा के अनुसार। नाहन स्थित कालिस्थान मंदिर के एक तपस्वी आम के आचार के बड़े शौकीन थे। इनके अनुयायी शहर में जाकर अपने गुरू के लिए भिक्षा में आचार की मांग भी करते थे। कहते हैं एक दिन अनुयायी, एक घर में आचार की मांग करने गए। तभी एक महिला ने गुस्से में आकर कह दिया- 
‘‘रोज आचार मांगने आ जाते हो। कहां से लाएं हम इतना आचार। यदि तुम्हारे महाराज को आम के आचार का इतना ही शौक है, तो क्यों नहीं वे अपने आम के पेड़ उगा लेते?’’ 
अनुयायियों ने सांयकाल लौट कर दिन की घटना का वृतांत अपने गुरू महाराज को सुनाया।
अनुयायियों की बात सुनकर गुरू महाराज ने प्रण किया- 
       ‘‘अब मैं अपने आम के पेड़ों का ही आचार ही खाऊंगा!’’ 
इसी संकल्प के साथ उन्होंने अपनी तपस्या के बल पर कमंडल से जल छिड़क दिया। कहते हैं जहां-जहां तक जल की बूंदे गिरी वहां पर आम के वृक्ष उग आए। वह भी एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं, चार नहीं, पूरे नौ लाख। 
आप देख सकते हैं कि नाहन के आसपास कई बाग हैं। जाबल का बाग, विक्रम बाग, खद्दर का बाग आदि। शहर के आपास आम के सैंकड़ों वृक्ष आज भी विद्यमान है।
       यद्यपि...! कुछ बातें इतिहास की कसौटी और परीक्षण पर भले ही खरा न उतर पाएं। लेकिन फिर भी आस्था और लोकगाथाओं का अपना महत्व है। 
इसलिए नाहन क्षेत्र में नौ-लखा बाग के इन तथ्यों को इतिहास की कसौटी पर परखने के प्रयास अब तक शायद हुए ही नहीं। 
इसलिए हमारे लिए तो यही सच है...! 

 

 

(नोटः उपलब्ध जानकारी के अनुसार हमने इस आर्टिकल को तथ्यपरक बनाने का प्रयास किया है। यदि आपको इसमें किसी तथ्य, नाम, स्थल आदि के बारे में कोई सुधार वांछित लगता है तो info@mysirmaur.com पर अपना सुझाव भेंजे हम यथासंभव इसमें सुधार करेंगे)

 

कृपया रेटिंग दें :