Category: NEWS
जब डा. बिंदल ने धावक सुनील के माता-पिता को मंच पर बुलाया...!
रविवार को ऐतिहासिक चौगान में सिरमौर के सपुत्र धावक सुनील शर्मा ने एशियन रिकार्ड कायम किया। सांय करीब 7.00 बजे विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल सुनील शर्मा को ट्रेड मील से उताकर मुख्य मंच पर लाए। तभी आयोजकों ने डा. बिंदल को सम्मानित करने केे लिए मंच पर आमंत्रित किया। इसी बीच डा. बिंदल की नजर पहली पंक्ति में बैठे सुनील के माता-पिता पर पड़ी। डा. बिंदल ने माईक से सुनील के माता पिता को मंच पर आने के लिए पुकारा। सुनील के माता-पिता को मंच पर लाया गया। डा. बिंदल ने सिरमौर के सपुत्र सुनील के माता पिता को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
अपने माता-पिता को सम्मानित होता देख धावक सुनील शर्मा अचानक भावुक हो उठे। इसके बाद डा. बिंदल ने धावक सुनील शर्मा को भी सम्मानित किया।
इससे पूर्व डा. राजीव बिंदल ने धावक सुनील के साथ तिरंगा हाथ में लेकर नाहन चौगान का चक्कर भी लगाया।
उल्लेखनीय है कि हृदय रोगी मीना देवी, किडनी रोगी सूरज सिंह ठाकुर व रोगी इमरान को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए सुनील शर्मा ट्रेडमील पर 24 घंटे तक दौड़े हैं।
उधर, शहर की विभिन्न संस्थाओं ने इस चैरिटी वर्क में सुनील का खूब साथ दिया। इस चैरिटी से जो भी धनराशि एकत्रित हुई है वह उक्त रोगियों के उपचार के लिए दान में दी जाएगी।
डा. राजीव बिंदल ने तीनों रोगियों को उपचार में हर संभव सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने तीनों रोगियों को 11-11 हजार रुपये तुरंत राहत स्वरूप देने की घोषणा भी की।
धावक सुनील शर्मा को इस चैरिटी कार्य के लिए माई सिरमौर का सेल्यूट...!